गोपालगंज जिले के महमदपुर थाना क्षेत्र के काशी टेंगराही गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और रिश्तों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतका की पहचान 60 वर्षीय चांनी देवी, पत्नी स्वर्गीय हरिकृष्ण सिंह, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर में काफी समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी बेटा प्रमोद सिंह अपनी मां पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था।
मंगलवार की रात इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर लाठी-डंडों से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चांनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घायल महिला को परिजनों ने तुरंत इलाज के लिए मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

