देवरिया। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कूटरचित तरीके से दो पासपोर्ट बनवाने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान धर्मेन्द्र यादव पुत्र रामआलम यादव, निवासी महराजगंज थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर पूर्वी बाइपास रुद्रपुर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने वर्ष 2013 और 2020 में अपने माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और पते में कूटरचना करते हुए दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाए थे। इस मामले में थाना रुद्रपुर पर पहले से ही मुकदमा दर्ज है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 468, 471 और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(ख) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल गोरखनाथ गौड़ और कांस्टेबल संजय कुमार की टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

