देवरिया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के तहत जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने दूसरे चरण के तहत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए।
इस अभियान के अंतर्गत थाना एकौना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भवन हड़हा में क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के नेतृत्व में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
महिलाओं को डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसी क्रम में थाना महुआडीह क्षेत्र के ग्राम रामपुर दूबे में भी पुलिस टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इसके अलावा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर पम्पलेट वितरित कर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

