देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड, मालवीय रोड और कसया ओवरब्रिज समेत कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान सड़क पर गाड़ी खड़ी कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस, बिना हेलमेट और तीन सवारी लेकर चलने वाले बाइक चालकों का भी चालान किया गया। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से नशे में वाहन चलाने वालों की भी जांच की और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 119 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 5 वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और दुर्घटनाओं को रोकना है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

