गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के समीप एनएच-27 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान दानापुर निवासी 65 वर्षीय किशोरी साह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि किशोरी साह अपने घर से पैदल बाजार की ओर तंबाकू खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी गई।
परिजन मौके पर पहुंचकर घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल ले गए, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका उपचार शुरू हुआ। लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें गोरखपुर लेकर जा ही रहे थे कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर मांझागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी बाइक चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी

