देवरिया जनपद के मदनपुर थाने का शनिवार को गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, मेस और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक प्रार्थना पत्र की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके। महिला संबंधी अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए हिस्ट्रीशीटरों, टॉप-10 अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने, ग्राम चौकीदारों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने पर बल दिया।
डीआईजी ने मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मालखाने में जमा शस्त्रों और अन्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव तथा नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग, डिजिटल रिकॉर्ड के अद्यतन और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

