मांझागढ़ (गोपालगंज): प्रखंड के उच्च मध्य विद्यालय पुरानी बाजार में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में आयुषी कुमारी और विकास कुमार समेत कुल 20 छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। इन मेधावी विद्यार्थियों को विद्यालय के प्राचार्य दीनानाथ आर्य और वर्ग शिक्षकों द्वारा कॉपी और कलम देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने छात्रों को आगे भी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
संगोष्ठी के दौरान बच्चों के शैक्षणिक विकास, अनुशासन और भविष्य की तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में शिक्षक रमेश प्रसाद, पप्पू सिंह, चंचल प्रसाद, स्वेता श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
