गोपालगंज: जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर 29 मार्च 2026 को अनुमंडल दंडाधिकारी और खनिज विकास पदाधिकारी की टीम ने जागीरीटोला ग्राम पंचायत के विभिन्न बालू घाटों पर छापेमारी की। इस दौरान जादोपुर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।

छापेमारी के दौरान दियारा क्षेत्र के अहीर टोली के आसपास बालू खनन के प्रमाण मिले, हालांकि मौके पर कोई वाहन या आरोपी नहीं मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यहां से कभी-कभी सफेद बालू की ढुलाई की जाती है।

प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि अवैध खनन की सूचना मिलते ही खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई करें।

अनुमंडल दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।