देवरिया जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के क्रम में पाक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में थाना रुद्रपुर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। थाना पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 452/25, जिसमें धारा 137(2) बीएनएस तथा बढ़ोत्तरी में धारा 64(1), 87 बीएनएस एवं 5J(2)/6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था, उसी से संबंधित अभियुक्त अमरजीत को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अभियुक्त को 31 मार्च 2026 को ग्राम छितही पोखरे के पास स्थित कटरैन क्षेत्र से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि इस मामले में संबंधित पीड़िता को थाना रुद्रपुर पुलिस पहले ही 20 मार्च 2026 को सकुशल बरामद कर चुकी है, जिससे इस संवेदनशील मामले में पुलिस की तत्परता और सक्रियता स्पष्ट होती है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौरभ सिंह और कांस्टेबल कन्हैया लाल चौधरी शामिल रहे। देवरिया पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
