गोपालगंज में थावे मंदिर चोरी कांड से जुड़े एक आरोपित की हालत अचानक बिगड़ गई। मुठभेड़ में घायल आरोपी इजमामुल हक के पैर का पुराना जख्म कोर्ट में पेशी के दौरान फिर से खुल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना बुधवार की है, जब आरोपी को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। इसी दौरान उसके पैर से अचानक खून बहने लगा। स्थिति गंभीर होते देख पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, 14 दिसंबर को थावे मंदिर से आभूषण चोरी की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें पूर्वी चंपारण निवासी इजमामुल हक भी शामिल था, जिसे 26 दिसंबर को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था।

मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जेल भेज दिया गया था, लेकिन घाव पूरी तरह ठीक नहीं हो सका था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।