गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान नेउरी गांव निवासी देवेन्द्र यादव की पुत्री लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब पांच वर्ष पहले पचरुखिया गांव निवासी अनीश कुमार के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाहिता के एक बेटा और एक बेटी भी हैं। सोमवार की रात उनकी अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। खास बात यह है कि मृतका के गले पर जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
वहीं, बरौली थानाध्यक्ष अलका सिन्हा के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस दोनों पहलुओं—हत्या और आत्महत्या—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इसके साथ ही एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
