गोपालगंज नगर परिषद की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक मंगलवार को चंद्रवंश गिरी उर्फ टुन्ना गिरी सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी ने की। इस दौरान सदर विधायक सुभाष सिंह का सभापति, कार्यपालक पदाधिकारी और पार्षदों द्वारा स्वागत किया गया।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 121.49 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया, जिसमें 107.73 करोड़ रुपये व्यय का प्रावधान किया गया है। इस प्रकार 13.76 करोड़ रुपये का लाभ दर्शाते हुए संतुलित बजट प्रस्तुत किया गया।

विधायक सुभाष सिंह ने शहर के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी और नगर परिषद द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने में वे स्वयं पहल करेंगे।

बजट में शहर के सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट के लिए 10 करोड़ रुपये, बस स्टैंड निर्माण के लिए 5.55 करोड़ रुपये तथा भूमि क्रय के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये, गरीबों के आवास के लिए 5 करोड़ रुपये और सीवरेज व ड्रेनेज व्यवस्था के लिए 10.08 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

सड़क और पुल-पुलिया निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये, नए पार्क के लिए 3 करोड़ रुपये और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही रोजगार सृजन के उद्देश्य से बड़ी बाजार में आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 5.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे 140 नई दुकानों का निर्माण होगा।

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अजय प्रसाद, उपसभापति रुखसाना परवीन सहित कई पार्षद और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।