गोपालगंज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में नवचयनित 98 पीएलवी (पारा लीगल वॉलंटियर) सह अधिकार मित्रों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम व्यवहार न्यायालय के पुराने भवन स्थित सभागार में आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गीता गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में जिला अपर एवं सत्र न्यायाधीश सप्तम विवेक कुमार त्रिपाठी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनूप कुमार उपाध्याय सहित कई न्यायिक अधिकारी और विधि विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में गीता गुप्ता ने कहा कि पीएलवी सह अधिकार मित्र समाज के कमजोर, गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये लोग न्याय और आम जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन रिसोर्स पर्सन के रूप में पी.पी. देव वंश गिरी और डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल मधुसूदन तिवारी ने प्रतिभागियों को विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में नालसा की योजनाएं, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और मेडिएशन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 और 10 अप्रैल तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिभागियों को उनके कार्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे समाज में जरूरतमंद लोगों को बेहतर कानूनी सहायता प्रदान कर सकें।