देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बनहर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने महिला की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय रविता देवी, पत्नी उमेश विश्वकर्मा, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात दो पट्टीदारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। इसी दौरान एक युवक ने रविता देवी पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही गिर पड़ीं।
घटना के बाद स्वजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृत महिला आरोपी युवक के रिश्ते में चाची लगती थी, जिससे यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
बीच-बचाव के दौरान दो बच्चे भी घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संजय रेड्डी और महुआडीह थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी की मां और बहन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। मृतका के पति विदेश में रहते हैं और उनके तीन बच्चे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
