देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। पांडेचक विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रुस्तमपुर फीडर को दो भागों में विभाजित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कदम से क्षेत्र में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या दूर होने की उम्मीद है।

कार्य के दौरान सारंगपुर गांव के पास कुछ ग्रामीणों ने पोल लगाने का विरोध किया और काम में बाधा उत्पन्न की। सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी मनीष पांडेय और अवर अभियंता अखिलेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया कि नई लाइन से सभी को बेहतर बिजली मिलेगी।

समझाने के बाद ग्रामीण मान गए और कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना से हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु होगी।