देवरिया में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से युवाओं और उद्यमियों को स्थानीय उत्पादों के निर्माण और विस्तार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस योजना में अधिकतम 150 लाख रुपये तक की परियोजनाओं को स्वीकृति दी जा सकती है।

योजना के अंतर्गत अलग-अलग परियोजना लागत पर अनुदान की व्यवस्था की गई है। 25 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 25 प्रतिशत तक की सहायता, जबकि 25 से 50 लाख तक की परियोजनाओं पर 20 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। वहीं 50 से 150 लाख तक की परियोजनाओं पर 10 प्रतिशत तक की सहायता का प्रावधान रखा गया है।

आवेदन करने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। किसी विशेष शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। साथ ही आवेदक किसी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। इस योजना का लाभ परिवार के एक ही सदस्य को मिलेगा।

सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं निवेश करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांग वर्ग के लिए यह सीमा 5 प्रतिशत रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल diupmsme.upsdc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

यह योजना न केवल स्थानीय उद्योगों को मजबूती देगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।