रुद्रपुर क्षेत्र के कोड़र गांव निवासी एक युवक की सऊदी अरब में सड़क हादसे में मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय रामगोविन्द पुत्र नेबुलाल के रूप में हुई है, जो वर्ष 2020 से सऊदी अरब की अल्म जार नामक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, वह 15 अप्रैल को कंपनी से काम खत्म कर साइकिल से अपने कमरे पर लौट रहा था, तभी एक चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार को इस घटना की सूचना करीब 24 घंटे बाद मिली, जिससे घर में कोहराम मच गया। रामगोविन्द तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और घर की जिम्मेदारियों को संभाल रहा था।
सबसे दुखद बात यह है कि उसकी सगाई 27 अप्रैल को तय थी और परिवार में इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। रामगोविन्द ने सगाई में शामिल होने के लिए 18 अप्रैल का घर वापसी का टिकट भी ले लिया था, लेकिन उसी दिन उसकी मौत की खबर घर पहुंच गई।
इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
