देवरिया जिले में भीषण गर्मी और लू के कारण जहां एक ओर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पतालों में अव्यवस्था भी देखने को मिल रही है। इसी बीच महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में एक मनबढ़ युवक द्वारा हंगामा करने और होमगार्ड पर हमला करने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक युवक इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग में पहुंचा। वहां नवजात शिशु एवं बाल रोग विभाग के सामने खड़े होकर उसने डॉक्टरों और सुरक्षा कर्मियों को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। युवक कभी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठा रहा था तो कभी वहां मौजूद कर्मचारियों को गालियां दे रहा था।
इसी दौरान एक कर्मचारी डॉक्टर कक्ष में प्रवेश कर गया, जिसे देखकर युवक और भड़क गया। उसने लाइन में खड़े लोगों का हवाला देते हुए होमगार्ड शिव कुमार से सवाल किया और फिर उनसे उलझ गया। होमगार्ड द्वारा समझाने और रोकने की कोशिश के दौरान युवक ने अचानक हमला कर दिया और उनकी उंगली दांत से काट ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। घायल होमगार्ड का तत्काल इमरजेंसी में इलाज कराया गया। वहीं, आरोपी युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
सीएमएस डॉ. एचके मिश्र ने बताया कि युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
