गोपालगंज जिले में गंडक नदी के लगातार हो रहे कटाव से बचाव के लिए तटबंधों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। कुचायकोट प्रखंड के अहिरौली दान सलेहपुर जीरो पॉइंट से लेकर बिसुनपुर तटबंध तक लगभग 8.50 किलोमीटर जर्जर बांध पर कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है।
यह कार्य संवेदक शक्ति कुमार कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कार्यपालक अभियंता पवन कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता शमशेर आलम, कनीय अभियंता राकेश कुमार झा और गोविंद कुमार की देखरेख में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। भसई और भगवानपुर क्षेत्र के डेंजर प्वाइंट पर पहले से क्षतिग्रस्त 24 बेडवार—भसई में 6 और भगवानपुर में 18—को दोबारा री-स्टोर किया जा रहा है, ताकि बांध को मजबूती मिल सके।
गंडक नदी की बदलती धारा ने पहले ही कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है। भसई, नवगांवा, फुलवरिया, काला मटिहनिया, विशंभरपुर और भगवानपुर जैसे क्षेत्रों में भारी तबाही हो चुकी है। कटाव के कारण आंगनबाड़ी केंद्र, दुर्गा मंदिर, स्कूल और पंचायत भवन सहित कई गांव नदी में समा चुके हैं, जिससे दियारा क्षेत्र के लोगों में भय और दहशत का माहौल बना रहता है।
कार्यपालक अभियंता पवन कुमार ने बताया कि डेंजर प्वाइंटों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और गुणवत्ता के साथ कार्य कराया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी तबाही को रोका जा सके। विभाग का लक्ष्य है कि समय रहते तटबंध को मजबूत कर लोगों को सुरक्षित किया जाए।
