गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के मठिया गांव में कटहल चोरी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। रविवार को हुई इस घटना में अफरोज अली नामक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

बताया जाता है कि अफरोज अली अपने खेत में लगे कटहल के पेड़ की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक पेड़ पर चढ़कर कटहल तोड़ने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गुस्से में आकर अफरोज अली के सिर पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गए।

हालांकि घायल अवस्था में भी अफरोज अली ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर नगर थाना भेज दिया। वहीं, घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।