गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवा गांव में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने रास्ते में घेरकर युवक की लाठी-डंडों और हॉकी से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, भितभेरवा गांव निवासी सिकंदर ठाकुर के पुत्र रतनलाल ठाकुर का गांव के कुछ युवकों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने रतनलाल को अकेला पाकर रास्ते में घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
