देवरिया के रामपुर कारखाना खंड विकास कार्यालय परिसर में 12 मई 2026 को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत रेनू फाउंडेशन (DA) के सहयोग से “कौन बनेगा बिजनेस लीडर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना था।

कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य ग्रामीण आजीविका, खंड विकास अधिकारी रामपुर कारखाना, जिला मिशन प्रबंधक, एडीओ पंचायत सहित रेनू फाउंडेशन के प्रवीण दुबे, संदीप उपाध्याय, ओम प्रकाश, अनुपमा पांडे और आर्यन मौजूद रहे। इस दौरान ब्लॉक के सभी ब्लॉक मिशन मैनेजर समेत करीब 150 महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने मंच पर आकर अपने अनुभव और उपलब्धियां साझा कीं। साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने काफी सराहा।

अंत में जिला उपायुक्त ने आठ दिवसीय जनजागरूकता अभियान के लिए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ई-रिक्शा गांव-गांव जाकर बिजनेस लीडर चयन के लिए महिलाओं का पंजीकरण करेगा और उन्हें स्वरोजगार के प्रति जागरूक करेगा।