गोपालगंज: महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्र ने स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, विभिन्न वार्डों, एमसीएच विंग, दवा वितरण केंद्र तथा मरीज पंजीकरण काउंटर सहित अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में डॉ. मिश्र ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था और उपचार संबंधी सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार समय पर ड्यूटी करने तथा जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने तथा कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों और उनके परिजनों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने की नसीहत देते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी |
