अवर निबंधन कार्यालय फुलवरिया में भारी अनियमितता, जनता परेशान
गोपालगंज: अवर निबंधन कार्यालय फुलवरिया (गोपालगंज) में कु-प्रबंधन और भ्रष्टाचार के कारण निबंधन कराने वाले आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निबंधन कार्यालय में स्टाम्प वेंडर और तइद व्यक्तियों की भीड़ के चलते आम लोगों की समस्याएं अनसुनी रह जाती हैं। निबंधन अधिकारी अपने कार्य बंद कमरे में ही निपटाते हैं, जबकि अधिकांश निर्णय लिपिक ही ले लेते हैं। कोर्ट की कुर्सी और कटघरा केवल दिखावे के लिए मौजूद हैं।
जनसुविधा कक्ष भी नाम मात्र का है और वहां केवल नगदी लेन-देन का कारोबार चलता है। फिंगरप्रिंट और फोटो प्रक्रिया के नाम पर दलालों के जरिए 500 से 1000 रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है।
खुलेआम चल रही इस अवैध वसूली और भ्रष्टाचार से ऐसा प्रतीत होता है कि फुलवरिया निबंधन कार्यालय के हालात पर नजर रखने वाला कोई नहीं है। जनता ने इन अनियमितताओं पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

