गोपालगंज: शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बिप्रसी इंटरनेशनल स्कूल, थावे रोड ने बुधवार को अपना 15वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने गीत, नृत्य, नाटक और भाषण प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में जिले की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। सेवानिवृत्त न्यायाधीश व उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष जे.एन. त्रिपाठी, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं बरौली के विधायक रामप्रवेश राय, बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ डॉ. प्रदीप कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रामप्रवेश राय, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन एवं डॉ. कौशल्या सिंह, शिक्षाविद नवीन श्रीवास्तव, स्वर्ण व्यवसायी शशि बी. गुप्ता और अधिवक्ता राजेश पाठक को सम्मानित किया गया।
इन सभी हस्तियों को सीनियर ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. बैधनाथ प्रसाद सिंह और विद्यालय के संस्थापक व प्रसिद्ध हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. बिपुल प्रकाश सिंह ने शॉल, बुके और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि बिप्रसी इंटरनेशनल स्कूल की स्थापना डॉ. बैधनाथ प्रसाद सिंह के जन्मदिन के अवसर पर हुई थी, जो इस दिन को और खास बना देती है।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद छात्रों ने संगीत, नृत्य और नाटक की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के संस्थापक डॉ. बिपुल प्रकाश सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को इस सफल आयोजन में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।

