गोपालगंज। जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में साइकिल की हवा निकालने से नाराज एक शिक्षक द्वारा छात्र की जमकर पिटाई कर दी गई, जिससे उसका सिर फट गया। बेहोशी की हालत में शिक्षक छात्र को स्कूल में ही छोड़कर फरार हो गया। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद स्कूल से बरामद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद स्थानीय थाना में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जख्मी छात्र की पहचान रामपुरवा गांव निवासी दिलीप यादव के बेटे विवेक कुमार के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रामपुरवा गांव निवासी दिलीप यादव का बेटा विवेक कुमार गुरुवार को तय समय पर स्कूल में परीक्षा देने गया था। परीक्षा के बाद एक छात्रा ने किसी छात्र द्वारा साइकिल की हवा निकालने की शिकायत शिक्षक विजय कुमार प्रसाद से की। शिकायत सुनते ही शिक्षक आगबबूला हो गए और पास में रखा डंडा उठाकर आठवीं कक्षा के छात्र विवेक कुमार की पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसका सिर फट गया। छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा, लेकिन शिक्षक ने उस पर ध्यान नहीं दिया और उसे स्कूल में ही छोड़कर फरार हो गया।
स्कूल की छुट्टी होने के बावजूद जब विवेक देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन पूरे गांव में उसे ढूंढते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। देर रात थक हार कर विवेक के पिता दिलीप यादव स्कूल पहुंचे तो देखा कि उनका बेटा स्कूल में बेहोश पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी महम्मदपुर थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल छात्र का अस्पताल में इलाज जारी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजाराम ने बताया कि अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

