गोपालगंज। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर बिहार को बड़ी सौगात मिली। रविवार, 30 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बिहार में 800 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
पटना आगमन पर नाबार्ड के बिहार क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक बिनय कुमार सिन्हा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने गृह मंत्री का भव्य स्वागत किया।
इस मौके पर नाबार्ड द्वारा ग्रामीण हाट के लिए स्वीकृति पत्र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा संदीप कुमार सिंह को सौंपा गया।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक डॉ. अनुपम लाल कुसुमाकर ने बताया कि गोपालगंज के लिए यह बेहद खुशी की बात है। यह प्रयास गांवों के आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।
नाबार्ड ने कुचायकोट प्रखंड के बिक्रमपुर पंचायत के लछपुर गांव में ग्रामीण हाट के निर्माण के लिए बिक्रमपुर प्राथमिक कृषि साख समिति लिमिटेड (बिक्रमपुर पैक्स) को 15 लाख रुपये की अनुदान सहायता स्वीकृत की है।
इस ग्रामीण हाट से आसपास के पांच ग्राम पंचायतों – बिक्रमपुर, सेमरा, अहियापुर, सोनहुला गोखुल (कुचायकोट प्रखंड) और गिदहा (फुलवरिया प्रखंड) के करीब 25,000 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
हाट में मार्केटिंग प्लेटफॉर्म, गोदाम, ऑफिस स्पेस, शुद्ध पेयजल और शौचालय की व्यवस्था होगी। यह हाट सब्ज़ी, दलहन, खाद्य सामग्री के साथ-साथ गैर-कृषि उत्पादों की भी खरीद-बिक्री की सुविधा देगा।
इसके अलावा, गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार राज्य सहकारी बैंक और उसकी जिला इकाइयों के ‘बैंक मित्रों’ को माइक्रो एटीएम भी वितरित किए। ये सभी एटीएम नाबार्ड की सहायता से प्रदान किए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, कई केंद्रीय व राज्य मंत्री, और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *