खुखुंदू (देवरिया)।
थाना क्षेत्र के तिलौली उर्फ डेहरी गांव के पास सोमवार सुबह एक अनुबंधित बस ने साइकिल सवार हलवाई को कुचल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हलवाई को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राम बड़ाई चौहान (55 वर्ष) निवासी बीरपुर मिश्र, खुखुंदू के रूप में हुई है, जो हलवाई का कार्य करते थे और घटना के समय धोबी भरथुआ गांव के एक वैवाहिक कार्यक्रम में खाना बनाने जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार अनुबंधित बस ने उन्हें देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर पीछे से टक्कर मारी और रौंदते हुए आगे निकल गई।
स्थानीय लोगों ने बस का पीछा किया, लेकिन चालक बस को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को एंबुलेंस से भिजवाया और बस को कब्जे में ले लिया है।
मृतक के बेटे विवेक, टुनटुन, निकेलाल और विश्राम का रो-रो कर बुरा हाल है। राम बड़ाई ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

