गोपालगंज। जिले के बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव के पास गंडक नदी से रविवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, गंडक नदी के किनारे छरकी के पास से उसकी बाइक भी बरामद की गई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान देवापुर गांव निवासी परमेश्वर पटेल के 23 वर्षीय पुत्र रवीश पटेल के रूप में हुई है, जो बरौली थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पास एक वेल्डिंग वर्कशॉप संचालित करता था।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम रवीश अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। चिंता बढ़ने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रैक किया, जो गंडक नदी के किनारे छरकी के पास दिखा। जब पुलिस वहां पहुंची तो रवीश की बाइक बरामद हुई। बाइक की डिक्की में उसका मोबाइल फोन भी मिला। आसपास तलाश के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद एसडीआरएफ को बुलाया गया। इसी बीच परिजनों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में खोज शुरू की, जिसके बाद रवीश का शव बरामद किया गया।
बरौली थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि नदी से युवक का शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *