जीआरपी द्वारा जप्त गाड़ियों को प्लेटफार्म पर से हटाने का निर्देश
संवाद सूत्र, जागरण, थावे (गोपालगंज )
थावे जंक्शन पर हो रहे अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत विकास कार्यो का निरीक्षण डीआरएम वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को किया।
थावे जंक्शन पर उन्होंने स्टेशन पैनल, रिले रूम,आई पी एस रूम, पॉइंट्स क्रासिंग,चाभी हस्तांतरण, अनुरक्षण पंजिका, निरस्तीकरण काउन्टर एवं रजिस्टर आदि का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन के अन्तर्गत किये गए विकास कार्यो का निरीक्षण, रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के निमित्त वी आई पी रूम, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय,पैदल उपरिगामी पुल,प्लेटफॉर्म के विस्तारीकरण, यात्री छाजन एवं स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म पर लगी पी पी शेल्टर व आर सी सी बेंचेस,वाटर बूथ,डस्ट बीन, पंखे एवं विधुत प्रकाश समेत स्टेशन सुन्दरीकरण के कार्यों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बंधित पदाधिकारी को दिए। स्टेशन पर यात्रियों की संख्या के अनुरूप यात्री शेड बढ़ाने और अतिरिक्त बेंच लगाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन भवन एवं स्टेशन परिसर में साफ-सफाई रखने एवं कूड़ा-कचरा प्रबंधन का सख्त निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने पार्किग स्थल का निरीक्षण किया और पार्किंग शुल्क की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्लेट फॉर्म नम्बर एक पर बने शैचालय पर बड़ा नेम बोर्ड लगाने,जीआरपी द्वारा जप्त गाड़ियों को प्लेटफार्म पर से हटाने, टिकट काउन्टर के अंदर लगे दो एटीवीएम को चालू करने एवं उसके ऊपर सूचना बोर्ड लगाने, प्लेटफॉर्म की सभी वायरिंग को कवर करने,स्टेशन भवन की दीवारों पर लगे अनावश्यक पोस्टरों को हटाने एवं उनकी पेटिंग कराने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान मुख्य परियोजना प्रबंधक(गतिशक्ति) कौशलेश सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन,मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय, स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र सिंह व राजेश कुमार, डीसीआई विशाल कुमार सिंह सहित आरपीएफ और जीआरपी के अलावे रेल कर्मी मौजूद थे।

