स्थानीय थाना क्षेत्र के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बथुआ बाजार में विद्युत मरम्मत कार्य के दौरान एक बिजली कर्मी के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आया है. इसको लेकर फुलवरिया पावर सब स्टेशन में कार्यरत मानव बल के कर्मी प्रमोद कुमार सिंह ने फुलवरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर प्रमोद कुमार सिंह बथुआ बाजार में विद्युत केबल पोल का मेंटेनेंस कार्य कर रहे थे. इसी दौरान बथुआ बाजार निवासी मुस्लिम मियां के पुत्र अब्दुल रहमान ने पहले गाली-गलौज किया, फिर मारपीट करते हुए कार्य में बाधा पहुंचाई. आरोप है कि उसने अन्य लोगों को भी उकसाते हुए मौके पर भीड़ इकट्ठा कर दी और सरकारी कार्य में गंभीर रूप से हस्तक्षेप किया. प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि जब अन्य विद्युतकर्मी बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो आरोपी ने भीड़ को भड़काकर माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया. इस घटना के कारण मेंटेनेंस कार्य बाधित हो गया. जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई. चिलचिलाती गर्मी के बीच बड़ी आबादी वाले बथुआ बाजार में आम लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा. उधर फुलवरिया पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. बाजार के व्यवसायियों और स्थानीय नागरिकों ने ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए बिजली कर्मियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
