गोपालगंज के विजयीपुर-पगरा मुख्य मार्ग पर फरुसहा मोड़ के पास रविवार को ईंट से लदी एक ट्रैक्टर ट्रॉली ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक और ईंट भट्ठे के मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
यह हादसा सड़क पर बने एक बेहद ऊंचे और चौड़े ब्रेकर के कारण हुआ, जिसे बिना किसी चेतावनी बोर्ड या रंग-चिह्न के छोड़ दिया गया है। बताया जा रहा है कि सड़क पर एक साथ तीन-तीन ब्रेकर बना दिए गए हैं, जिनकी ऊंचाई करीब 12 इंच और चौड़ाई 18 इंच है। ऐसे में वाहन चालकों को समय रहते ब्रेकर दिखाई नहीं देता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोग लगातार इस ब्रेकर को हटाने और सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने अब तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। लोगों का कहना है कि सड़क की देखरेख केवल कागजों तक सीमित रह गई है और इसकी आड़ में सिर्फ धन उगाही हो रही है। यह सड़क जिले के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है, फिर भी इसे लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
इससे पहले भी इसी ब्रेकर को लेकर खबर प्रकाशित हो चुकी है, लेकिन लापरवाही बरकरार है। लोगों का सवाल है कि आम मजदूर की जान की कीमत आखिर कितनी है, जो ऐसी लापरवाही के कारण दांव पर लगी रहती है?

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *