गोपालगंज के बलथरी चेकपोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ESI) को अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के बीच टकराव की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के ट्रक चालक हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया था कि चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारी द्वारा मैकेनिकल जांच के नाम पर 400 रुपये की मांग की गई। पैसा देने से इनकार करने पर उसे धमकी दी गई। शिकायत मिलने के बाद गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी खुद मौके पर पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर ईएसआई हेमंत कुमार प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई सदर एसडीपीओ प्रांजल और कुचायकोट पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
हालांकि, इस मामले में नया मोड़ तब आया जब गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार किसी भी परिवहन अधिकारी की गिरफ्तारी सीधे पुलिस द्वारा नहीं की जा सकती, बल्कि इसकी सूचना परिवहन आयुक्त को दी जानी चाहिए।
डीएम के इस बयान के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे इस प्रकरण में क्या कार्रवाई होती है और आरोपी के खिलाफ किस स्तर पर निर्णय लिया जाता है।
