कुचायकोट (गोपालगंज)। रामपुर माधो गांव में शराब तस्करी की सूचना देने के शक में दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस वारदात में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक होने पर उसे गोरखपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शशि भूषण यादव और अजीत कुमार गांव में बैठे थे, तभी यूपी की ओर से बाइक पर शराब ले जा रहे कुछ युवकों को उन्होंने देख लिया। इसी बात पर तस्करों को मुखबिरी का शक हुआ। कुछ देर बाद आरोपी लौटे और गाली-गलौज के बाद दोनों पर चाकू से हमला कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
