गोपालगंज। राष्ट्रीय भोजपुरी संस्थान के तत्वावधान में 28 और 29 मार्च को पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में राष्ट्रीय भोजपुरी अधिवेशन आयोजित होगा। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में भोजपुरी भाषा, बिहार की संस्कृति और गौरव से जुड़े विविध आयोजन होंगे।

28 मार्च को अधिवेशन का उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद देशभर से आए साहित्यकारों, कलाकारों और रंगकर्मियों का परिचय सत्र व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रंग जुलूस, लोकगीत, लोकनृत्य, लोक मेला और कवि सम्मेलन इस आयोजन की खास पहचान होंगे।

29 मार्च को भोजपुरी भाषा के संवर्धन और इसे संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने को लेकर चर्चा होगी। साथ ही प्रस्ताव केंद्र सरकार तक भेजने की पहल की जाएगी।

अधिवेशन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।