खुखुंदू: क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत का सीधा असर अब जलावन लकड़ी के दामों पर देखने को मिल रहा है। पहले जो लकड़ी 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही थी, उसकी कीमत अब बढ़कर 1000 से 1100 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। इसके बावजूद बाजार में सूखी लकड़ी की उपलब्धता बेहद कम हो गई है।

गैस सिलेंडर की कमी के चलते लोग फिर से पारंपरिक ईंधन यानी लकड़ी की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे मांग अचानक बढ़ गई है। इस बढ़ती मांग के कारण लकड़ी के दामों में भारी उछाल आया है।

लकड़ी विक्रेताओं का कहना है कि पिछले कुछ समय से गैस आसानी से उपलब्ध होने के कारण लकड़ी की मांग लगभग खत्म हो गई थी, इसलिए उन्होंने अधिक स्टॉक नहीं रखा। अब अचानक मांग बढ़ने से आपूर्ति प्रभावित हो गई है।

स्थानीय लोगों को बढ़ती कीमतों और कमी के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो आम लोगों के लिए रसोई चलाना और मुश्किल हो सकता है।