देवरिया: जनपद में रेलवे की एक बड़ी परियोजना पर काम शुरू होने जा रहा है। गोंडा-कचहरी से गोल्डिनगंज (छपरा) तक प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। भटनी रेलवे स्टेशन से पचरुखी के बीच सलेमपुर और भाटपाररानी तहसील के 22 गांव इस परियोजना से प्रभावित होंगे।
इस कार्य के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व को सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे ने इस संबंध में जिला प्रशासन को पत्र भेजा है और परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित किया जा चुका है। रेलवे अधिनियम (संशोधित) 2008 के तहत भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में इस रूट पर दोहरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन ट्रेनों की बढ़ती संख्या के चलते अतिरिक्त लाइनों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 120 ट्रेनें गुजरती हैं।
नई रेल लाइन बनने के बाद ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम होगा और संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ माल परिवहन भी तेज और प्रभावी होगा।
