जिले के सदर अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र प्रसाद ने ओपीडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार चिकित्सक ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन ने चारों चिकित्सकों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है, साथ ही अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही के आरोप में उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र प्रसाद सोमवार को निर्धारित समय पर सदर अस्पताल की ओपीडी पहुंचे और विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि दूर-दराज से आए मरीज कतारों में खड़े होकर चिकित्सकों का इंतजार कर रहे थे, जबकि चार डॉक्टर अपने-अपने चैंबर से बिना किसी पूर्व सूचना के गायब थे।
सिविल सर्जन ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए मौके पर ही सख्त रुख अपनाया। जारी आदेश में बताया गया कि रोस्टर के अनुसार संबंधित चिकित्सकों की ओपीडी ड्यूटी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित थी। निरीक्षण के समय सुबह 10:30 बजे चारों चिकित्सक बिना सूचना के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अनुशासनहीनता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से एक दिन का वेतन काटा गया है।
