गोपालगंज: जिले के थावे प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय एकडेरवा का एक वीडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के साथ एक लिखित क्लिप भी साझा की जा रही है, जिसमें दावा किया गया है कि यह वीडियो संबंधित विद्यालय का है। हालांकि, दैनिक जागरण इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को विद्यालय परिसर में बच्चों से पीटी कराते हुए और स्कूल से जुड़े विभिन्न कार्य करते हुए देखा जा रहा है। प्रसारित लिखित क्लिप के अनुसार, उक्त व्यक्ति विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के पति बताए जा रहे हैं, जो नियमित रूप से विद्यालय के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इतना ही नहीं, वीडियो में उन्हें विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों को निर्देश देते हुए भी देखा जा सकता है।

मामले को लेकर जब जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) योगेश कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि इस तरह का कोई मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई शिकायत या तथ्य सामने आता है तो मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीईओ ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में प्रत्येक कर्मी को अपनी निर्धारित जिम्मेदारी नियमों के तहत स्वयं निभानी चाहिए।