शहर के थावे रोड स्थित गोसाई टोला के समीप मंगलवार को सड़क पार कर रही एक महिला को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, गोसाई टोला निवासी गुड़िया देवी अपने बच्चों के साथ सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं, गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को लोगों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
डायल 112 की टीम ने चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
