मांझागढ़ प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मीटिंग हॉल में स्वास्थ्य कर्मियों की साप्ताहिक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक इब्राहिम ने की। बैठक में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बीते सप्ताह किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, फैमिली प्लानिंग योजना के तहत कराए जा रहे नसबंदी एवं बंध्याकरण, तथा जननी बाल सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने वाली महिलाओं को मिलने वाले लाभों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाए।
डॉ. तारिक इब्राहिम ने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी मिलने से अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ेंगे और सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। बैठक में बीएमसी नवीन कुमार, बीसीएम सुनील कुमार, स्वास्थ्य समिति प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार सहित सभी एएनएम मौजूद रहीं।
इस बैठक की जानकारी लेखापाल मुकेश ओझा ने दी।
