मांझा बीआरसी भवन में आयोजित प्रखंड स्तरीय टीचिंग लर्निंग मैटेरियल (टीएलएम) मेला में विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों एवं प्रतिभागियों ने कम लागत में तैयार की गई शिक्षण सामग्री का आकर्षक और नवाचारी प्रदर्शन किया। मेले में बच्चों को सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से पढ़ाने के तरीकों को टीएलएम के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

टीएलएम मेला में गणित, विज्ञान, भाषा एवं सामाजिक विज्ञान से संबंधित शिक्षण सामग्री लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। शिक्षकों ने बताया कि इन शिक्षण सामग्रियों के उपयोग से बच्चों की समझ विकसित होती है और कक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ती है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शिक्षिकाओं को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राजेश कुमार झा ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें प्रथम स्थान उत्क्रमित मध्य विद्यालय बलुही की शिक्षिका प्रिया सिंह को मिला। द्वितीय स्थान उत्क्रमित मध्य विद्यालय फुलवरिया की शिक्षिका राजेया खातुन, तृतीय स्थान उत्क्रमित मध्य विद्यालय मांझा की शिक्षिका अनामिका दुबे, चतुर्थ स्थान उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रतापपुर की शिक्षिका प्रगति गंगवार तथा पंचम स्थान नव सृजित प्राथमिक विद्यालय शहाबुदीन टोला की शिक्षिका प्रियम कुमारी को घोषित किया गया।

मौके पर लेखापाल मनीषा कुमारी, डाटा ऑपरेटर सुभाष कुमार, शिक्षक अजीत कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, राकेश वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।