गन्ने के भुगतान में कथित गड़बड़ी को लेकर किसानों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। विष्णु शुगर मिल द्वारा किसानों को सामान्य दर से भुगतान किए जाने के विरोध में कुचायकोट प्रखंड के सिपाया ढाला पर आक्रोशित किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि मिल प्रबंधन द्वारा सीओपी 16437 और राजेंद्र वन किस्म के गन्ने को प्रीमियम श्रेणी में दर्शाया गया है, जबकि किसानों को उसका भुगतान सामान्य दर पर किया जा रहा है। किसानों ने इसे मिल की मनमानी करार देते हुए कहा कि इस गड़बड़ी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसान नेता सुनील कुमार यादव ने बताया कि इस संबंध में ईख पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की गई है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रीमियम दर से भुगतान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन में सुनील कुमार यादव, नदी यादव, दीनबंधु तिवारी, धुरंधर यादव, सुशील कुमार ओझा, शत्रुघ्न कुशवाहा, विजय शर्मा, अनिल यादव, नरेश यादव, जितेंद्र यादव, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।