गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा गांव के समीप एनएच-27 पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में बोलेरो सवार दो युवक घायल हो गए। ट्रक की जोरदार टक्कर से यह दुर्घटना हुई, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घायलों की पहचान थावे थाना क्षेत्र के लछवार गांव निवासी श्रीनिवास ठाकुर, राहुल कुमार एवं एक अन्य युवक के रूप में की गई है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि घायल युवक एक निर्माण कंपनी में कार्यरत हैं और काम के सिलसिले में बोलेरो से यात्रा कर रहे थे। पथरा गांव के समीप उन्होंने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार युवक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल की जा रही है।
