शहर के हजियापुर मोड़ स्थित एसपी आवास के समीप एनएच-27 पर मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान विश्वमभरपुर थाना क्षेत्र के सिपाया खास गांव निवासी रामछतरी यादव की पत्नी पुनीता देवी के रूप में की गई है। बताया गया कि मंगलवार की शाम बंजारी ब्रह्म स्थान रोड स्थित एक निजी क्लीनिक में उसके पति रामछतरी यादव का हाइड्रोसील का ऑपरेशन हुआ था।

ऑपरेशन के बाद पुनीता देवी एसपी आवास के समीप स्थित अपने किराए के मकान पहुंची, जहां उसने पति, ननद और अन्य स्वजनों के लिए भोजन तैयार किया। इसके बाद वह खाना लेकर निजी अस्पताल गई और पति को भोजन कराने के बाद देर शाम पैदल ही अपने किराए के मकान लौट रही थी।

इसी दौरान जैसे ही वह हजियापुर मोड़ स्थित एसपी कोठी के पास पहुंची, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर क्षत-विक्षत शव देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर नगर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेजा। देर रात तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी। बुधवार सुबह शिनाख्त होने के बाद स्वजनों को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।