गोपालगंज जिले में सड़क पर जबरन चंदा वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सरस्वती पूजा सहित अन्य धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख सड़कों पर राहगीरों से जबरन चंदा वसूली की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने कड़े निर्देश जारी किए हैं।

एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और जबरन चंदा वसूली करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि सड़क पर अवैध रूप से अवरोध उत्पन्न कर लोगों से पैसे मांगना कानूनन अपराध है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल युवकों के साथ-साथ उनके अभिभावकों की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि नाबालिग युवक जबरन चंदा वसूली में शामिल पाए जाते हैं, तो उनके माता-पिता या संरक्षकों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं में अनुशासन स्थापित करना और अभिभावकों को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है।

पुलिस की इस पहल से आम लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पूजा-पर्व के नाम पर सड़क पर जबरन चंदा वसूली से यातायात बाधित होता है और भय का माहौल बनता है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।