गोपालगंज। शहर के जादोपुर रोड स्थित होटल कैलाश के समीप बुधवार की रात पुलिस ने 203 लीटर अवैध शराब के साथ एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखते ही संदिग्ध ऑटो चालक वाहन सड़क किनारे खड़ा कर भागने लगा, लेकिन मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ऑटो के भीतर बोरी में छुपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।

नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक ऑटो में शराब की खेप लेकर एक युवक शहर में प्रवेश करते हुए पूर्वी चंपारण की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर डायल 112 की टीम और नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया। इसी दौरान डायल 112 की गाड़ी को देखकर ऑटो चालक भागने लगा, जिसे पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के पिपराकोठी थाना क्षेत्र के मलाही टोला निवासी बलिंद्र कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि शराब की खेप यूपी से लाकर पूर्वी चंपारण ले जाई जा रही थी। पुलिस इस मामले में शराब की खेप को पास कराने वाले बाइक सवार युवक की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।