गोपालगंज जिले के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में हुए करोड़ों रुपये के जेवर चोरी कांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। 17–18 दिसंबर की रात गर्भगृह में घुसकर मां भवानी के मुकुट सहित करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण चोरी करने के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन उजागर हुआ है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक राय, निवासी गाजीपुर, को थावे थाना क्षेत्र के इटवा पुल के पास सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद जब उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, तो यह सामने आया कि दिसंबर की शुरुआत में वह थाईलैंड के कुछ युवकों के संपर्क में था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ एसटीएफ की टीम भी संयुक्त रूप से जांच में जुट गई है। आरोपी के दो गुर्गों को प्रयागराज से उठाकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान चोरी गए जेवरों की बरामदगी को लेकर कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दीपक राय इससे पहले मऊ जिले में भी मंदिर चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है और नवंबर महीने में ही जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद उसने इंटरनेट मीडिया के जरिए विभिन्न मंदिरों में रखे कीमती आभूषणों की जानकारी जुटानी शुरू की। इसी क्रम में उसने थावे मंदिर की रेकी की और 10–11 दिसंबर की रात अपने साथी के साथ मौके का जायजा लिया।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने पुलिस से बचने के तरीकों को समझने के लिए वेब सीरीज तक देखी। इसके बाद 17–18 दिसंबर की रात बाइक से मंदिर पहुंचकर चोरी को अंजाम दिया और फरार हो गया। फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम यूपी के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी गए जेवरों की बरामदगी के साथ पूरे कांड का पूर्ण खुलासा कर लिया जाएगा।