बाल स्वास्थ्य पोषण माह के अंतर्गत जिले में 29 दिसंबर से 28 जनवरी तक 09 माह से 05 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को विटामिन “ए” की खुराक पिलाई जाएगी। यह अभियान प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले छाया वीएचएनडी सत्रों के माध्यम से चलाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने जूम मीटिंग के जरिए जनपद के सभी अधीक्षक व प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विटामिन “ए” की खुराक बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने में सहायक है। सीएमओ के अनुसार, इस अभियान में कुल 4.91 लाख बच्चों को विटामिन “ए” की डोज पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों को उनके लंबित टीके भी लगाए जाएंगे।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिन्हा ने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 27 दिसंबर से प्रस्तावित था, लेकिन सार्वजनिक अवकाश के कारण अब 29 दिसंबर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण बच्चों ही नहीं, पूरे समाज को वैक्सीन-रोकथाम योग्य बीमारियों से बचाने का सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। शत-प्रतिशत टीकाकरण से ही वीपीडी पर नियंत्रण संभव है।

अभियान के दौरान आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अन्य स्वास्थ्यकर्मी और एनजीओ के सहयोग से जनजागरूकता गतिविधियां भी चलाई जाएंगी। कार्यशालाओं में Universal Immunization Programme, मिस्ड व ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान, समुदाय की भ्रांतियों के निराकरण और रिपोर्टिंग तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।