उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित Mission Shakti अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक देवरिया संजिव सुमन के निर्देशन में थाना सलेमपुर की मिशन शक्ति टीम द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तहत उप निरीक्षक अरविन्द कुमार, उप निरीक्षक विवेक यादव, मुख्य आरक्षी चंद्रकेश सरोज, महिला आरक्षी खुश्बू यादव एवं महिला आरक्षी बबिता पाण्डेय की टीम ने गांधी चौक, इचौना पश्चिम तथा सरकारी अस्पताल परिसर में महिलाओं व बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।

मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को डॉयल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102, एंबुलेंस सेवा-108 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 के उपयोग व महत्व के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की दशा में इन सेवाओं के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से निडर होकर आगे आने, अपनी समस्याओं की सूचना देने तथा सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की।